रिपोर्ट विशाल गुप्ता
जौनपुर में। वाराणसी मंडल के आयुक्त और रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम ने मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं आयुक्त के जनपद आगमन पर जिला निर्वाचन अधिकारी और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। वहीं आयुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ड्राफ्ट पब्लिकेशन हो चुका है। आलेख्य मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों पर दावे और आपत्तियां ली जा रही हैं। जिन मामलों की मैपिंग नहीं हो पाई है, उनके लिए सुनवाई हेतु नोटिस जारी की जा रही है और नियत तिथि पर बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लॉजिकल डिस्क्रिपेंसीज को सही किया जा रहा है

, ताकि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार हो सके। प्राप्त दावों और आपत्तियों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सत्यापन और नियमानुसार जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने राजनैतिक दलों से इस प्रक्रिया में सहयोग की अपेक्षा की।मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा के बाद आयुक्त एस. राजलिंगम ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों और पटलों का औचक निरीक्षण भी किया।निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी के पटल पर आर्थिक सहायता रजिस्टर, गार्ड फाइल, असलहा वरासत अभिलेख और एलबीसी पटल का विस्तृत अवलोकन किया गया। एआरके कक्ष के निरीक्षण के दौरान सबसे पुराने अभिलेखों/फाइलों, बिडिंग रजिस्टर और मूवमेंट रजिस्टर की जांच की गई।आयुक्त ने अभिलेखों के समुचित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत, उन्होंने मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय का निरीक्षण किया, जहां लंबित और सबसे पुराने वादों से संबंधित फाइलों का अवलोकन करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से धारा 34 से जुड़ी फाइलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह और उप जिलाधिकारी सदर संतबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
