प्रियेश गुप्ता रुद्र
जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीद दिवस के अवसर पर स्थानीय गांधी पार्क में एक गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों ने बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय तेली महासभा के राष्ट्रीय संयोजक यशवन्त कुमार गुप्त ने गांधी जी के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “गांधी जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे। सत्य, अहिंसा और स्वावलंबन के जिन सिद्धांतों पर चलकर उन्होंने देश को आजाद कराया, वे आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। बापू का ‘अंत्योदय’ का सपना—यानी समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान—तभी पूरा होगा जब हम उनके बताए हुए नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में उतारेंगे।”इस अवसर पर बापू को नमन करने वालों में मुख्य रूप से प्रशान्त कुमार गुप्ता, संजय गुप्ता, अवधेश साहू एवं सोनम गुप्ता सहित भारी संख्या में अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में गांधी जी के दिखाए ‘सत्य और अहिंसा’ के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन और ‘रघुपति राघव राजा राम’ के संकीर्तन के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और राष्ट्रप्रेम के भाव से भर गया।
