संवाददाता सुइथाकलां जौनपुर
ब्यूरो चीफ प्रियेश गुप्ता रुद्र
जौनपुर उत्तर प्रदेश सरकार की ‘बिजली बिल राहत योजना-2025’ के तहत गैरवाह में आयोजित एक कैंप में ग्राम प्रधान विजय सिंह ने कथित तौर पर हंगामा किया। उन्होंने लगभग 40 की संख्या में लोगों के साथ पहुंचकर सरकारी योजना के क्रियान्वयन को बाधित किया और स्टाफ को बंधक बना लिया।यह घटना 25 दिसंबर को 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन गुड़बड़ी में आयोजित कैंप के दौरान हुई। अवर अभियन्ता शंकर जी अपने विभागीय स्टाफ के साथ बकायेदारों का पंजीकरण कर रहे थे। बताया गया है कि लगभग 10 लोगों का पंजीकरण हो चुका था और 50 अन्य अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।इसी दौरान ग्राम प्रधान विजय सिंह कुछ लोगों के साथ कैंप स्थल पर पहुंचे और बिना कोई समस्या बताए गाली-गलौज शुरू कर दी। अवर अभियन्ता शंकर जी ने आरोप लगाया है कि प्रधान ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, सरकारी उपकरण तोड़ने का प्रयास किया, कैंप बंद करा दिया और स्टाफ को बंधक बना लिया।प्रधान के इस कृत्य से कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया, जिसके बाद वे किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे। इस घटना से योजना का लाभ लेने आए ग्रामीणों में भी नाराजगी फैल गई, क्योंकि उन्हें शत प्रतिशत ब्याज माफी और 25 प्रतिशत मूलधन छूट का लाभ मिलने में बाधा आई।गौरतलब है कि ग्राम प्रधान विजय सिंह पहले भी कई मामलों में विवादों से घिरे रहे हैं। इस मामले में अवर अभियन्ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित प्रधान विजय सिंह सहित 4-5 अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2),121(1),132,352,351(3),127(2),324(4) तथा आपराधिक कानून संसोधन अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सरपतहां पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले में विधिक कार्रवाई जारी है
